रांची: ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस की ओर से रविवार को रांची प्रेस क्लब में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग – अ जर्नी ऑफ लव’ पर विशेष पुस्तक पाठ कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के झारखंड प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव आदित्य विक्रम जायसवाल ने किया.
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव, शशि भूषण राय, सोशल मीडिया चेयरमैन गजेंद्र सिंह, सूर्यकांत शुक्ला और जया जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे. इस दौरान अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.
पुस्तक पाठ के दौरान सोनिया गांधी के जीवन, व्यक्तिगत अनुभवों, संघर्षों, विचारों और उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक यात्रा से जुड़े विभिन्न अंश पढ़े गए. पुस्तक में वर्णित भावनात्मक प्रसंगों और उनके जीवन के अनुभवों पर भी चर्चा हुई.
आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि सोनिया गांधी की यह पुस्तक उनके जीवन के अनुभवों, त्याग, संघर्ष और प्रेम की कहानी है. इसमें उनके व्यक्तिगत जीवन के साथ देश की राजनीतिक और सामाजिक यात्रा के कई महत्वपूर्ण पहलू भी सामने आते हैं. पुस्तक के माध्यम से उनके जीवन और विचारों को बेहतर ढंग से समझा जा सकता है.
जिससे परिचित नहीं, उन पहलुओं को जानने का मौका
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन भारतीय लोकतंत्र, सामाजिक एकता और संविधान के मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. पुस्तक के माध्यम से उनके जीवन के उन पहलुओं को जानने का अवसर मिलता है, जिनसे आमतौर पर लोग परिचित नहीं हैं.
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पुस्तक पाठ जैसे आयोजन समाज में पढ़ने-लिखने की रुचि बढ़ाते हैं. ऐसे कार्यक्रम लोगों को अपने विचार साझा करने और दूसरों के विचारों को समझने का अवसर देते हैं.
कार्यक्रम में पुस्तक पाठ करने वालों में डॉ. रीमा खलखो, डॉ. सिद्धार्थ, उत्कर्ष मिश्रा, प्रिया थॉमसन और एलेन एंड्रू प्रमुख रहे. इस अवसर पर राजू राम, प्रभात अग्रवाल, सरवर पॉल, अनिल सिंह, गौरव आनंद, राहुल रे, आसिफ जियाउल और समुद्र गुप्त सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
Also Read : सिमडेगा विधायक प्रकरण में दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा : बंधु तिर्की



