रांची। सिमडेगा विधायक से जुड़े मामले में कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा. विधायक, पत्रकार या कोई अन्य व्यक्ति, जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. सोमवार को कांग्रेस भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने भाजपा पर इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग देने और आदिवासी वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया.
बंधु तिर्की ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है और जांच की प्रक्रिया चल रही है. ऐसे में किसी को भी जांच प्रभावित करने का प्रयास नहीं करना चाहिए. सभी पक्षों को जांच में सहयोग करना चाहिए और कानून को अपना काम करने देना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी दोषी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और न ही किसी को राजनीतिक दुर्भावना के तहत फंसाया जाना चाहिए.
उन्होंने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी से सवाल किया कि नाबालिग बच्ची उनसे कैसे मिली और उसे किसने मिलवाया? यदि बच्ची ने उन्हें अपनी पीड़ा बताई थी तो वे उसे लेकर सीधे पुलिस थाने क्यों नहीं गए? संबंधित पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना क्यों नहीं दी? बंधु तिर्की ने कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि इस पूरे मामले में बाबूलाल मरांडी ने अपनी ओर से क्या कदम उठाए.
भाजपा सांसद दीपक प्रकाश पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज वे इस मामले को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं और पत्रकारों के मुद्दे पर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन जब बृजभूषण सिंह पर महिला पहलवानों ने गंभीर आरोप लगाए थे, तब सांसद रहते उनकी आवाज क्यों नहीं निकली? उस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने में कई महीने लग गए थे. उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर भाजपा नेताओं को अपनी सुविधा के अनुसार अलग-अलग रुख नहीं अपनाना चाहिए.
आदिवासी भावना को वोट बैंक से न जोड़े
बंधु तिर्की ने भाजपा से इस मामले को आदिवासी समाज की भावनाओं और वोट बैंक की राजनीति से नहीं जोड़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा कोई चुनावी मुद्दा या राजनीतिक हथियार नहीं है, बल्कि न्याय, सम्मान और संवैधानिक अधिकारों का सवाल है. जांच पूरी होने से पहले धरना-प्रदर्शन और बयानबाजी करने के बजाय भाजपा को जांच प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए. पीड़िता की पहचान और निजता भी सुरक्षित रखी जानी चाहिए.
उन्होंने निशा भगत प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि उस मामले में सीबीआई जांच से कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है. भाजपा नेताओं को दूसरे मामलों में भी निष्पक्ष जांच का इंतजार करना चाहिए. पूर्व मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे इन दिनों गाड़ी-गाड़ी खेलने में व्यस्त हैं, लेकिन संवेदनशील मामलों में उनकी वास्तविक भूमिका क्या रही है, यह भी स्पष्ट होना चाहिए.
अंत में बंधु तिर्की ने कहा कि कांग्रेस किसी भी दोषी को बचाने के पक्ष में नहीं है. सिमडेगा विधायक प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए.
Also Read : झारखंड: 28 नवंबर को खेलगांव में मनेगी सरकार की दूसरी वर्षगांठ, 15 दिनों तक होंगे कार्यक्रम



