किसलय शानू
राज्य के विभिन्न जिलों में एससी/एसटी एक्ट के फरार अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए गए समकालीन अभियान में थानों का नतीजा शून्य रहने पर पुलिस महकमे में हड़कंप है. हजारीबाग रेंज अंजनी कुमार झा के आदेश पर चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ और गिरीडीह के थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी से स्पष्टीकरण पूछने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
झारखंड पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार हजारीबाग में 17, चतरा में 15, कोडरमा में 12, रामगढ़ में 11 और गिरीडीह में 31 थाना और ओपी हैं. डीआईजी के आदेश पर थानेदारों से स्पष्टीकरण से थानेदारों की कुर्सी पर खतरा मंडराने लगा है.
क्या था अभियान
जानकारी के अनुसार सीआईडी, रांची के द्वारा 23 अक्टूबर 2026 को लिखे गए पत्र के आलोक में 27 अक्टूबर की रात 12 बजे से 28 अक्टूबर की रात 12 बजे तक अभियान चला. इसमें तीन श्रेणियों के आरोपी निशाने पर थे. इसमे पहला था,वर्तमान में अनुसंधानित कांडों में वांछित अभियुक्त. दूसरा था,कोर्ट से वारंट निर्गत, पर श्रेणी-1 से बाहर के आरोपी और तीसरा था,कुर्की-जब्ती के बाद भी फरार या स्थायी वारंट वाले आरोपी.
क्या है डीआईजी की नाराजगी की वजह
हजारीबाग रेंज के डीआईजी ने अपने रिपोर्ट में कहा कि हजारीबाग और गिरिडीह के अधिकतर थानों का अभियान के दौरान गिरफ्तारी शून्य रहा, जबकि रामगढ़, चतरा और कोडरमा के सभी थानों का फलाफल भी शून्य रहा.उन्होंने कहा कि या तो अभियान की गोपनीयता भंग हुई है या पदाधिकारियों ने दृढ़ता से काम नहीं किया.साथ ही शून्य फलाफल वाले थानों के प्रभारियों से स्पष्टीकरण लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए.
डीआईजी के इसी आदेश के आलोक में स्पष्टीकरण पूछने की कार्रवाई शुरू की गई है ताकि मामले में अभियान के दौरान शिथिलता बरतने वाले थानेदारों पर कार्रवाई की जा सके और भविष्य में दोबारा ऐसा नहीं हो. डीआईजी के आदेश पर अधिकांश जिलों के एसपी ने थानेदारों को स्पष्टीकरण के लिए पत्र लिखा है और बताया है कि यह मामला अत्यन्त खेदजनक है इसलिए 24 घंटे में जवाब दिया जाए.
अब नजर थाना प्रभारियों के जवाब पर है
एसपी के स्पष्टीकरण पूछे जाने के बाद अब नजर थाना प्रभारियों के जवाब पर है.संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है. जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला अब सपा के विवेक पर है कि जवाब मिलने पर एसपी विभागीय कार्रवाई के साथ थानेदार को निलंबित करने या लाइन क्लोज करने की कार्रवाई भी कर सकते हैं.
Also Read : घोटाला परीक्षा-दर-परीक्षा भाग-3: एसीएफ परीक्षा के खिलाफ भी सबूत कम नहीं, कोर्ट पर रहेगी छात्रों की नजर





