किसलय शानू
रांची: पंजाब से झारखंड तक मादक पदार्थों की तस्करी के संभावित नेटवर्क की जांच अब झारखंड पुलिस की आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) ने शुरू कर दी है. इस सिलसिले में एटीएस ने मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों की जानकारी मांगी है. एटीएस की ओर से मामले में जांच में सहयोग के लिए जिलों के एसपी को पत्र लिखा गया है और मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस के बारे विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
पुलिस से खास तौर पर पंजाब और उसके आसपास के राज्यों के उन अपराधियों का ब्योरा मांगा गया है, जिनका संबंध में किसी जिला के थाना में दर्ज मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े मामलों से रहा है. इस जांच के तहत पुलिस को संबंधित FIR, आरोपियों के नाम, पते और मोबाइल नंबर की जानकारी जुटानी है. ATS यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े मामलों में पंजाब या उसके आसपास के राज्यों के अपराधियों की क्या भूमिका रही है और क्या इन मामलों के तार दूसरे राज्यों से जुड़े हैं.
पहले भी विभिन्न राज्यों से ड्रग्स केस में आ चुका है झारखंड का कनेक्शन
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में मादक पदार्थ की तस्करी से जुड् मामले में झारखंड का कनेक्शन विभिन्न राज्यों के साथ होने की बात सामने आ चुकी है. हाल के दिनों में झारखंड पुलिस को मिली रिपोर्ट के अनुसार गोवा, दिल्ली, बिहार, उत्तरप्रदेश सहित अन्य राज्यों से झारखंड के लोगों का कनेक्शन सामने आ चुका है.
पूर्व में यह बात सामने आ चुकी है कि झारखंड में अफीम उत्पादन से संबंधित जिलें में बाहर के लोग आते हैं और यहां से अफीम खरीदकर उसे अपने राज्य में ले जाते हैं. इसमें विशेष रूप से पंजाब के लोगों का नाम सामने आ चुका है.
2023 के NDPS केस से जुड़ा है मामला
ATS की ओर से पुलिस अधिकारियों को को भेजे गए पत्र के अनुसार एटीएस थाना कांड संख्या 04/23 का विशेष उल्लेख किया गया है. यह मामला 22 मार्च 2023 को दर्ज हुआ था. इसमें NDPS एक्ट की धारा 18(b), 22(b) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था.
ATS ने इसी मामले के अग्रिम अनुसंधान के लिए पंजाब और आसपास के राज्यों के अपराधियों का विवरण मांगा है. जांच एजेंसी को संबंधित आरोपियों की पहचान, उनके पते और मोबाइल नंबर की जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है.
दूसरे राज्यों तक फैले नेटवर्क की तलाश
ATS की इस पहल को झारखंड में मादक पदार्थों के कारोबार के अंतरराज्यीय कनेक्शन की पड़ताल के तौर पर देखा जा रहा है. एजेंसी कुछ जिलों में दर्ज मामलों के जरिए यह जानकारी जुटाना चाहती है कि मादक पदार्थों के कारोबार में दूसरे राज्यों के अपराधियों की संलिप्तता रही है या नहीं.
फिलहाल ATS की ओर से मांगी गई जानकारी के आधार पर पुलिस रिकॉर्ड खंगालने की प्रक्रिया शुरू हुई है. चतरा के सभी थानों से रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपियों और उनके नेटवर्क से जुड़े तथ्यों की पड़ताल आगे बढ़ सकती है.
हालांकि, पंजाब और झारखंड के बीच मादक पदार्थों की तस्करी का कोई संगठित नेटवर्क स्थापित होने की आधिकारिक पुष्टि अभी इन पत्रों से नहीं होती है. जांच का मौजूदा चरण संबंधित मामलों के आरोपियों और दूसरे राज्यों से उनके संभावित संपर्कों की जानकारी जुटाने का है.
Also Read : जाकिर नाइक की संस्था IRF पर केंद्र सरकार का बड़ा एक्शन, 5 साल के लिए फिर लगा प्रतिबंध





