रांची। झारखंड में वर्ष 2029 तक आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और औद्योगिक विस्तार की दिशा तय करने के लिए कांग्रेस विशेष पहल करने जा रही है. इसके तहत 11 नवंबर को रांची में ‘थिंक-2029’ के नाम से नीति संगोष्ठी आयोजित की जाएगी. इसमें अर्थशास्त्री, उद्योगपति, शिक्षाविद, उद्यमी, शोधकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवर झारखंड के विकास की प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श करेंगे.
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय कांग्रेस भवन में सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड़ यास्खी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य सह झारखंड प्रभारी के. राजू 11 नवंबर को रांची पहुंचेंगे. दोनों नेता इस संगोष्ठी में शामिल होंगे.
खनिज संपदा, रोजगार और उद्योग पर बनेगी विकास की रणनीति
‘थिंक-2029’ के तहत झारखंड की खनिज संपदा का स्थानीय स्तर पर उपयोग, युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर, कृषि विकास, आदिवासी अधिकार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और सुशासन जैसे विषयों पर चर्चा होगी.
कांग्रेस का उद्देश्य पेशेवरों और विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर वर्ष 2029 तक झारखंड के लिए एक दूरदर्शी और जन-केंद्रित विकास रोडमैप तैयार करना है. संगोष्ठी में यूथ एम्पावरमेंट, इंडस्ट्रियल ग्रोथ और एमएसएमई सेक्टर को मजबूत बनाने के लिए नीतिगत सुझावों पर भी मंथन होगा.
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ‘प्रोफेशनल्स फॉर प्रोग्रेस’ है. उन्होंने बताया कि दिल्ली और मुंबई से भी शोधकर्ता, अर्थशास्त्री और पॉलिसी मेकर इस कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं. विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर मजबूत आर्थिक नीति तैयार कर पार्टी की ओर से झारखंड सरकार को सुझाव दिए जाएंगे.
महिला सशक्तिकरण पर भी होगा विशेष कार्यक्रम
फिरायालाल बैंक्वेट हॉल में 11 नवंबर को ही शाम चार बजे महिला पेशेवरों और स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से महिला सशक्तिकरण पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें मधु गौड़ यास्खी और के. राजू भी शामिल होंगे.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि दोनों वरिष्ठ नेता 11 नवंबर को सुबह 11:30 बजे हैदराबाद से बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे. एयरपोर्ट पर उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा. कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद दोनों नेता 12 नवंबर की सुबह आठ बजे हैदराबाद के लिए रवाना होंगे.
संवाददाता सम्मेलन में कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा, सीए भुवनेश ठाकुर, करिश्मा जायसवाल, सीए प्रभात अग्रवाल, सिमरन, इशिका शर्मा, अनिल सिंह और गौरव आनंद मौजूद थे.
Also Read : झारखंड : 13 साल पुरानी बुलेटप्रूफ गाड़ी से तंग आए बाबूलाल मरांडी, सरकार को लौटाया वाहन


