खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार व एक को सुधारगृह भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार, दो नाबालिग लड़कियों ने 3 नवंबर की सुबह महिला थाना पहुंचकर अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी. पीड़िताओं ने आरोप लगाया कि चार लड़कों ने घर पहुंचाने के बहाने अलग-अलग जगहों पर ले जाकर दुष्कर्म किया. इसके बाद उन्हें खूंटी में छोड़ दिया गया.
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में एक अन्य नाबालिग लड़की को भी बंधक बनाकर रखे जाने की जानकारी मिली. उसे गाड़ीगांव, बाड़ेडीह में लेमसा मुंडा के अर्धनिर्मित फार्म हाउस में रखे जाने का आरोप है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे आरोपियों के कब्जे से मुक्त करा लिया.
महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज
मामले में महिला थाना प्रभारी निशा कुमारी ने पीड़िताओं के बयान दर्ज किए. इसके आधार पर महिला थाना कांड संख्या 18/26, दिनांक 3 नवंबर को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65, 61, 126(2) और 3(5) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारंगहादा थाना के सहयोग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें गोपाल मुंडा उर्फ राहुल उर्फ चुडू (19), मनीष लोहरा (18) और अन्य शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, इन पर नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म और संबंधित अपराधों में शामिल होने का आरोप है. मामले में नामजद अन्य दो आरोपी पिंगु और प्रभुसहाय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
बेटियों की सुरक्षा पर उठाए सवाल
भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने खुंटी के मामले को लेकर कहा है कि मारंगहादा से सामने आई घटना ने पूरे झारखंड को शर्मसार कर दिया है. दो मासूम बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है, जबकि तीसरी बच्ची किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रही. आखिर कब तक झारखंड की बेटियां इस तरह दरिंदगी का शिकार होती रहेंगी?
कब तक अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म होता रहेगा? इस मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है. राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग है कि फरार आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और सभी दोषियों को कठोरतम कानूनी सजा दिलाई जाए. राज्य सरकार जवाब दे—आखिर कब तक झारखंड की बेटियां असुरक्षित रहेंगी? बेटियों को सुरक्षा चाहिए, खोखले आश्वासन नहीं!!
स्कूटी, दो बाइक और तीन मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक एनटॉर्क स्कूटी, काले और नारंगी रंग की एक-एक केटीएम बाइक तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं. इसके अलावा घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं.
कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रभात कुमार बेक, महिला थाना प्रभारी निशा कुमारी, मारंगहादा थाना प्रभारी जुगेश कुमार, खूंटी थाना के पु.अ.नि. कुंदन कुमार, महिला थाना के स.अ.नि. मिलन मिंज तथा महिला थाना और मारंगहादा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
Also Read : झारखंड : 15 साल पुराने सरकारी वाहन होंगे कबाड़, स्क्रैपिंग के लिए बनेगी व्यवस्था


