रांची. चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित असर और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए रांची जिले में 28 और 29 अक्टूबर को 12वीं तक के सभी स्कूलों में पढ़ाई स्थगित रहेगी. जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है. आदेश के मुताबिक, सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में KG से 12वीं कक्षा तक पठन-पाठन बंद रहेगा.
भारत मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड, रांची के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. रांची को ऑरेंज जोन में रखा गया है. इसके साथ ही तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है. इसी को देखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत स्कूलों में कक्षाएं स्थगित करने का निर्णय लिया गया है.
परीक्षा वाले निजी स्कूलों को छूट
जिला प्रशासन के आदेश में कहा गया है कि जिन निजी स्कूलों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय ले सकता है. हालांकि, इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक के कार्यालय को अनिवार्य रूप से सूचना देनी होगी.
दो दिनों तक विद्यार्थियों की कक्षाएं स्थगित रहेंगी, लेकिन शिक्षकों और शिक्षिकाओं को स्कूल आना होगा. आदेश के अनुसार, उन्हें विद्यालय में उपस्थित होकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा.
वहीं, सभी सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज की जाएगी.
जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरतने और जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
Also Read : मोरहाबादी में 29 अक्टूबर से सजेगा जेसोवा का दीवाली मेला, 300 से ज्यादा स्टॉल लगेंगे


