पटना: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए चुनाव प्रचार बुधवार, 21 अक्टूबर को शाम 5 बजे समाप्त हो जाएगा. इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जिसमें कुल 5,32,847 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. चुनाव मैदान में कुल 150 उम्मीदवार हैं. इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर 90 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर 60 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.
चुनाव पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में होना है. मतगणना 27 अक्टूबर को होगी और 31 अक्टूबर तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी.
बिहार विधान परिषद की इन सीटों पर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए), विपक्षी दलों और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है. जन सुराज ने सभी आठ सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं. वहीं, कई निर्वाचन क्षेत्रों में महागठबंधन के घटक दलों के उम्मीदवार भी आमने-सामने हैं. चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी दल और प्रत्याशी मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं.

पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार और अनुज सिंह के बीच मुकाबला
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र इस चुनाव की चर्चित सीटों में शामिल है. यहां जेडीयू के मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार का मुकाबला जन सुराज के डॉ. अनुज सिंह से है. इसके अलावा राजद के दिलीप कुमार और कांग्रेस के डॉ. असदुल्लाह खान भी मैदान में हैं.
इस सीट पर मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह के रुख ने भी राजनीतिक चर्चा बढ़ाई है. अनंत सिंह अपनी पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाय जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं.
23 अक्टूबर को मतदान, 27 को मतगणना
परसो, 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा. इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी. चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी होनी है.
स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता बैलेट पेपर के माध्यम से अपनी पसंद के उम्मीदवारों को वोट करेंगे. अब प्रचार के अंतिम दिन के बाद सभी की नजर मतदान और मतगणना पर रहेगी.
Also Read : बिहार : अनंत सिंह ने कराए नौ मर्डर?, जानिए क्या है 2004 का पूरा मामला


