रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रामगढ़ जिले के छह वर्षीय अनूप बेसरा के कान के इलाज के लिए 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया. मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत चिकित्सा अनुदान की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं 48 घंटे के भीतर पूरी कराई गईं. अनूप का इलाज तमिलनाडु के वेल्लौर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन इन दिनों अपनी दिवंगत माता रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के सिलसिले में अपने पैतृक गांव नेमरा में हैं. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर उनसे मिल रहे हैं. गुरुवार को भी मुख्यमंत्री ने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए.
इसी क्रम में रामगढ़ जिले के बेराटांड़ के भरेच नगर निवासी रामकिशुन बेसरा ने अपने बेटे अनूप के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगी थी. उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया था कि बेटे के इलाज में काफी खर्च आ रहा है और परिवार के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना मुश्किल है.

चिकित्सकों ने अंदरूनी कान बदलने की दी है सलाह
रामकिशुन बेसरा के अनुसार, उनके बेटे अनूप का इलाज वेल्लौर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है. चिकित्सकों ने उसके अंदरूनी कान को बदलने की सलाह दी है. इस उपचार पर काफी खर्च आने की बात सामने आई थी. आर्थिक कठिनाइयों के कारण परिवार को इलाज आगे बढ़ाने में परेशानी हो रही थी.
मामले की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने इसे संज्ञान में लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी कराने का निर्देश दिया. इसके बाद रामगढ़ जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत चिकित्सा अनुदान की औपचारिकताएं 48 घंटे के भीतर पूरी कीं.
आर्थिक मदद से इलाज में मिलेगी राहत
गुरुवार को नेमरा में मुख्यमंत्री ने अनूप के इलाज के लिए 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया. आर्थिक सहायता मिलने के बाद अनूप के परिवार को उसके इलाज में मदद मिलने की उम्मीद है.
अनूप के पिता रामकिशुन बेसरा ने सहायता के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि आर्थिक मदद मिलने से अब बेटे के इलाज में काफी सहयोग मिलेगा.
Also Read : झारखंड : 466 करोड़ से बदलेगी रिम्स की सूरत, 10 नए विभाग खुलेंगे व बढेंगी पीजी और सुपर स्पेशियलिटी की सीटें


