चाईबासा: जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए मंगलवार को पुलिस लाइन, चाईबासा में पुलिस बल ने एंटी-रॉयट (दंगा रोधी) मॉक ड्रिल का आयोजन किया. इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिसकर्मियों की तैयारियों, तत्परता और आपसी समन्वय को परखना था, ताकि किसी भी संभावित उपद्रव या अप्रिय स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके.
मॉक ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों को बल प्रयोग के नियमों, भीड़ नियंत्रण के तरीकों और आंसू गैस के गोले छोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई. साथ ही, विषम परिस्थितियों में सूझबूझ के साथ कानून-व्यवस्था संभालने और स्थिति को नियंत्रित करने के तरीकों के बारे में भी ब्रीफ किया गया.
इस अभ्यास के जरिए पुलिस बल को संभावित दंगा या उपद्रव जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करने पर जोर दिया गया. इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना और सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखना है.

