जोहार लाइव ब्यूरो
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र के छापर गांव में बालू लोडिंग में लगे लोडर (जेसीबी) में आग लगाने और कई राउंड गोली चलने की घटना की बात सामने आई है, जिसके बाद राज्य में दहशत का माहौल है. घटना के दौरान 8 से 10 राउंड गोली चलने की बात भी सामने आई है. इस वारदात की जिम्मेदारी राहुल दुबे गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर ली है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक फायरिंग और गैंग की ओर से जिम्मेदारी लेने संबंधी दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पोस्ट में कहा गया है कि यह कार्रवाई कथित तौर पर फोन कॉल को नजरअंदाज करने के कारण की गई.
बालू कारोबार से जुड़े लोगों को धमकी

इस चिट्ठी में सुधीर सिंह और राजू राय का नाम लेकर चेतावनी दी गई है. इसमें कथित तौर पर कहा गया है कि वे जल्द ही गैंग के साथ समझौता कर लें, नहीं तो अगली बार बालू घाट पर काम करने वाले कर्मचारियों, मुंशी और ड्राइवरों को निशाना बनाया जाएगा.
इसके अलावा, चिट्ठी में झारखंड में कोयला, बालू और जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों को भी धमकी दी गई है. कथित संदेश में बिना गैंग से समझौता किए काम करने पर संबंधित लोगों और उनके परिवारों को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई है.
घटना और सोशल मीडिया पर सामने आए मामले में आपराधिक गिरोह की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, गोलीबारी, लोडर में आगजनी और गैंग की ओर से जिम्मेदारी लेने के दावे की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी. मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और कार्रवाई से जुड़ी जानकारी का इंतजार है.
कौन है राहुल दुबे ?
राहुल दुबे झारखंड का एक कुख्यात अपराधी है. वह खुद को एनकाउंटर में मारे गए अमन साहू का उत्तराधिकारी होने का दावा करता है. राहुल दुबे के बारे में जानकारी मिली है कि वह विदेश में बैठकर झारखंड में अपने गैंग को हैंडल कर रहा है. उसका गिरोह झारखंड के रांची, हजारीबाग, रामगढ़ और चतरा जिलों में कोयला खनन क्षेत्रों, ट्रांसपोर्टिंग कंपनियों, बालू घाटों और बिल्डरों से लेवी (रंगदारी) वसूलने, फायरिंग और आगजनी की वारदातों में सक्रिय रहा है. झारखंड पुलिस और एसटीएफ लगातार उसके गैंग के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. हजारीबाग और रामगढ़ जैसे इलाकों में पुलिस के साथ उसके गुर्गों की कई बार मुठभेड़ (एनकाउंटर) हो चुकी है, जिसमें उसके कई शूटर और सदस्य गिरफ्तार या घायल हुए हैं.
Also Read : जंतर-मंतर पर तिरंगा लहरा रहे थे CJP नेता, सौरभ दास समेत 3 दिल्ली पुलिस की हिरासत में

