जोहार लाइव ब्यूरो
चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर साई नाथ लाइन होटल के पास से पुलिस ने हथियार और गोलियों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के भगिया बरवा टोली निवासी 40 वर्षीय मुकेश गंझू के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था. उसके पास से एक देशी कट्टा, 54 जिंदा गोलियां, छह मिसफायर गोलियां और दो खोखे बरामद किए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि साई नाथ लाइन होटल के पास एक व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए SDPO सन्नी वर्धन के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया.
छापेमारी दल जब चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग स्थित होटल के पास पहुंचा, तो एक व्यक्ति मैदान से जंगल की ओर भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और 10 गोलियां बरामद हुईं.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखी गई 50 जिंदा गोलियां और दो खोखे भी बरामद किए गए. इस तरह पुलिस ने कुल 54 जिंदा गोलियां, छह मिसफायर गोलियां और दो खोखे जब्त किए हैं.
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 421/2026, दिनांक 12 अक्टूबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं 25(1-b)a, 26 और 35 में केस दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रवि रंजन कुमार और सदर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.
Also Read : JPSC, CDPO और FSO परीक्षा रद्द करने के मामले में फैसला सुरक्षित, हाईकोर्ट में सरकार ने सौंपी सीलबंद रिपोर्ट

