रांची. दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट-2026 का गुरुवार को भव्य समापन हुआ. समापन समारोह में अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों व टीमों को ट्रॉफी, पदक और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया.
सशक्त और सक्षम पुलिस बल के निर्माण में खेल की भूमिका
अपने संबोधन में मनोज कौशिक ने कहा कि एक सशक्त और सक्षम पुलिस बल के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, धैर्य, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और टीमवर्क की भावना भी विकसित करते हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस की चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण कार्यशैली के बीच इस तरह की प्रतियोगितियां पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से ऊर्जावान बनाए रखने के साथ विभिन्न जिलों के बीच समन्वय, सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी मजबूत करती हैं.
यह स्पोर्ट्स मीट 21 से 23 जुलाई 2026 तक आयोजित हुई. प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, कबड्डी, वुशु, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, साइक्लिंग, योग, भारोत्तोलन, कराटे, जूडो, जिम्नास्टिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती और क्रिकेट समेत कई खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया.
खूंटी को मिला दूसरा व गुमला तीसरा स्थान
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रांची जिला ओवरऑल चैंपियन बना. खूंटी ने दूसरा और गुमला ने तीसरा स्थान हासिल किया. विजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी, पदक और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.
समापन समारोह में वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक खूंटी ऋषभ गर्ग, पुलिस अधीक्षक गुमला हरीश बीन जमा, पुलिस अधीक्षक लोहरदगा सिद्दीकी ए. रिज़वी, पुलिस अधीक्षक सिमडेगा श्रीकांत एस. कोठारे सहित दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के सभी जिलों के पुलिस उपाधीक्षक, अन्य पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे.
समारोह का समापन विजेता खिलाड़ियों के सम्मान और खेल भावना के प्रति प्रतिबद्धता के साथ हुआ.
Also Read : एशियन गेम्स 2026: महिला हॉकी टीम में झारखंड की चार बेटियां, सलीमा टेटे फिर संभालेंगी कप्तानी

