NEET-UG 2024 पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी संजीव कुमार उर्फ संजीव मुखिया को लेकर CBI की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. CBI का कहना है कि उसे ऐसा कोई सबूत नहीं मिला, जिससे यह साबित हो कि संजीव मुखिया ने NEET का पेपर चोरी किया था या उसे आगे किसी को बांटा था.
CBI की इस रिपोर्ट के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, “मोदी जी की पूरी पोल खुल गई.”
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि 2024 में NEET पेपर लीक होने के बाद मोदी सरकार ने संजीव मुखिया को इस मामले का मास्टरमाइंड बताया और गिरफ्तार किया था. उनका कहना है कि बाद में CBI ने समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं की, जिसके चलते उसे जमानत मिल गई. अब CBI की जांच में उसके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है.
CBI को जांच में क्या मिला?
CBI के मुताबिक, NEET पेपर लीक मामले में शुरुआत में संजीव मुखिया पर शक था. बिहार पुलिस ने भी उसे FIR में आरोपी बनाया था. इसके पीछे एक वजह यह थी कि उसका नाम पहले भी कुछ दूसरे पेपर लीक और चोरी के मामलों में सामने आ चुका था.
मामला CBI के पास पहुंचने के बाद एजेंसी ने पूरे मामले की जांच की. CBI का कहना है कि उसने NEET का पेपर चोरी करने और उसे आगे पहुंचाने में शामिल लोगों की पहचान कर ली है. इसके अलावा, पेपर लीक से फायदा उठाने वाले लोगों का भी पता लगाया गया है. हालांकि, इस पूरी जांच में संजीव मुखिया के खिलाफ NEET का पेपर चोरी करने या उसे आगे बांटने का कोई सबूत नहीं मिला.
दूसरे पेपर लीक मामलों में भी आया है नाम
संजीव मुखिया का नाम सिर्फ NEET पेपर लीक मामले में ही नहीं आया है. बिहार में शिक्षक भर्ती और पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामलों में भी उसका नाम जांच के दौरान सामने आया था. बिहार कांस्टेबल भर्ती मामले में ED ने भी उसके कथित नेटवर्क को लेकर कार्रवाई की है.
हालांकि, NEET मामले में CBI को संजीव मुखिया के खिलाफ सबूत नहीं मिलने का मतलब यह नहीं है कि दूसरे पेपर लीक मामलों में भी उसके खिलाफ लगे आरोप खत्म हो गए हैं.
CBI की इस रिपोर्ट के बाद अब इस मामले पर सियासत भी तेज हो गई है. जहां केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं, वहीं CBI का कहना है कि उसने NEET पेपर चोरी करने, उसे आगे बांटने और इससे फायदा उठाने वाले लोगों की पहचान कर ली है.
Also Read : 3 मई को हुई NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, CBI जांच के आदेश

