झारखंड के स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है. राज्य के स्टार्टअप Open Field का चयन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय Moonshots for Development (M4D) Open Innovation Challenge के पहले चरण के लिए हुआ है. दुनिया भर से आए 10 हजार से अधिक आवेदनों में से केवल 10 टीमों का चयन किया गया, जिनमें झारखंड का Open Field भी शामिल है.
चयनित टीमों में Open Field के अलावा हासेर पेरू (अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन), हम्बल बी, सेंजएग्रो सॉल्यूशंस, प्राणीशेबा, फार्मर्स फॉर फॉरेस्ट्स इंडिया, नूरू सॉल्यूशंस, ओए7 इंजीनियरियास, एक्विस्टा और आईबीआईएसए नेटवर्क शामिल हैं.
पहले चरण में चयनित सभी टीमों को 10 हजार अमेरिकी डॉलर की आर्थिक सहायता मिलेगी. साथ ही तीन महीनों के लिए विशेषज्ञों की ओर से व्यक्तिगत मार्गदर्शन मिलेगा. इसके बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को अपने नवाचार को पायलट स्तर पर लागू करने और व्यावसायिक विस्तार के लिए 3.6 लाख अमेरिकी डॉलर तक की अतिरिक्त फंडिंग तथा व्यावसायीकरण का सहयोग मिलेगा.
Johar Live से बातचीत में Open Field के सह-संस्थापक एवं मुख्य विपणन अधिकारी (CMO) कुमार अभिषेक उरांव ने बताया कि यह उपलब्धि केवल उनकी टीम की नहीं, बल्कि झारखंड के ग्रामीण और आदिवासी समुदायों के वर्षों के भरोसे का परिणाम है.
गुलाब की खेती से हुई शुरूआत
उन्होंने बताया कि संस्था की शुरुआत बंजर जमीन पर गुलाब की खेती करने के एक सपने के साथ हुई थी, लेकिन जमीनी हकीकत से रूबरू होने के बाद उनकी सोच बदल गई.
उन्होंने कहा, “हमने देखा कि आदिवासी और वन क्षेत्रों के किसान अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं पा रहे हैं. इसके बाद हमने अपना पूरा फोकस बदल दिया और वन उपज के लिए एक पारदर्शी और टिकाऊ सप्लाई चेन बनाने का काम शुरू किया. आज हम 250 से अधिक किसानों के साथ काम कर रहे हैं, उन्हें उनकी उपज का उचित दाम दिला रहे हैं और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को बाजार तक पहुंचा रहे हैं. हमारा उद्देश्य परंपरागत ज्ञान को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए स्थानीय किसानों के लिए बेहतर और सम्मानजनक आजीविका सुनिश्चित करना है.”
उन्होंने बताया कि Open Field का उद्देश्य सिर्फ कारोबार करना नहीं, बल्कि आदिवासी समुदायों के लिए एक ऐसा मॉडल तैयार करना है, जहां उनकी पारंपरिक जानकारी का सम्मान हो और उनके उत्पाद राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच सकें.
उन्होंने बताया कि रांची जिले के खूंटी में Open Field का एक एक्सपीरियंस सेंटर है, जहां लोगों को जंगल से मिलने वाले उत्पादों, उनके पारंपरिक उपयोग और उन्हें आधुनिक खान-पान व बाजार से जोड़ने के तरीकों की जानकारी दी जाती है. यह केंद्र लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो चुका है.
कुमार अभिषेक ने बताया कि आज Open Field के साथ करीब आठ हजार किसान जुड़े हैं. इनमें झारखंड के अलावा छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और राजस्थान के किसान भी शामिल हैं. संस्था वन उपज के लिए एक पारदर्शी और टिकाऊ सप्लाई चेन तैयार कर रही है, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और उनके उत्पाद राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच सकें.
उन्होंने बताया कि इस चैलेंज का आयोजन वेंचरवेल ने किया है. इसके साथ इसमें अंतरराष्ट्रीय कृषि विकास कोष (IFAD), एशियाई विकास बैंक (ADB), आईडीबी लैब, सीजीआईएआर एक्सेलरेट फॉर इम्पैक्ट प्लेटफॉर्म (A4IP), यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ESA), यूरोपीय पुनर्निर्माण एवं विकास बैंक (EBRD), अंतरराष्ट्रीय नवाचार हब (IIH) और स्थिरता के लिए यूरोपीय नवाचार संस्थान (EIIS) जैसे कई अंतरराष्ट्रीय संस्थान जुड़े हुए हैं.
दस हजार स्टार्टअप में चुने गए
अभिषेक के अनुसार, दुनिया भर से 10 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से केवल 10 टीमों का चयन हुआ। उन्होंने कहा, “इस मंच के जरिए हमारे इनोवेशन और उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी. इससे जंगल आधारित आजीविका और आदिवासी समुदायों के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का रास्ता मजबूत होगा.”
उन्होंने बताया कि Open Field की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी. इसके सभी संस्थापक झारखंड से हैं. बाहर पढ़ाई और काम करने के दौरान उन्हें यह समझ आया कि जंगल आधारित उत्पादों की वैश्विक बाजार में अच्छी मांग है, लेकिन किसानों तक उसका लाभ नहीं पहुंच रहा है. इसी सोच के साथ उन्होंने गांवों से काम शुरू किया, किसानों को जोड़ा और तकनीक के जरिए उनकी उपज को बेहतर बाजार से जोड़ने का प्रयास शुरू किया.
उन्होंने बताया कि इस सफर में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बेंगलुरु और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर जैसे संस्थानों का भी सहयोग मिला. शोध और विश्लेषण के आधार पर कई मशीनें और प्रक्रियाएं विकसित की गईं, जिससे जंगल आधारित उत्पादों की प्रोसेसिंग और गुणवत्ता में सुधार हुआ.
कुमार अभिषेक का कहना है कि झारखंड में स्थानीय समुदायों के सहयोग के कारण काम करना अपेक्षाकृत आसान रहा. यही वजह है कि संस्था कम समय में हजारों किसानों के साथ जुड़कर राष्ट्रीय और अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाने में सफल रही.
Moonshots for Development Open Innovation Challenge कृषि, ग्रामीण विकास, खाद्य सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए नवाचारों को बढ़ावा देने वाली एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पहल है. ऐसे मंच पर Open Field का चयन न केवल संस्था की उपलब्धि है, बल्कि झारखंड के स्टार्टअप और नवाचार इकोसिस्टम के लिए भी एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है.
Also Read : बांकिपुर उपचुनाव : चुनाव बिहार में, बीजेपी के कैंडीडेट बदलने की वजह झारखंड में, क्या है पूरा माजरा

