Ranchi : जमशेदपुर में हुई हालिया हत्या की घटना को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि यह सिर्फ एक हत्या नहीं बल्कि कानून व्यवस्था पर सीधा हमला है. उनके मुताबिक अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे पुलिस की मौजूदगी में भी वारदात को अंजाम देने से नहीं डर रहे हैं. प्रदेश कार्यालय में उन्होंने मीडिया से कहा कि घटना के विरोध में 2 जुलाई की शाम जमशेदपुर में मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे. वहीं 3 जुलाई को शहर में पूर्ण बंद का आह्वान किया गया है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार और पुलिस ने ठोस कदम नहीं उठाए तो राज्यव्यापी बंद भी बुलाया जायेगा.
पुलिस पर सवाल और सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग
आदित्य साहू ने इस मामले में दोषी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों पर भी हत्या का मुकदमा दर्ज करने और उन्हें जेल भेजने की मांग की है. उन्होंने कहा कि जब पुलिस की मौजूदगी में किसी शख्स को गाड़ी से खींचकर मार दिया जाता है तो यह व्यवस्था की बड़ी विफलता है. उन्होंने राज्य सरकार से पूरे मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने, अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की.
आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में 6 साल में 10113 दुष्कर्म की घटनाएं, 11000 से ज्यादा किडनैपिंग, 60000 से अधिक चोरी की वारदात, लगभग 9300 हत्या और लगभग 2 लाख 80 हजार संज्ञेय अपराध सामने आए हैं. राजधानी रांची तो क्राइम सिटी बना हुआ है। रांची में पुलिस की नाक के नीचे आरएसएस मुख्यालय में पेट्रोल बम फेंक दिया जाता है. रिम्स की डेंटल छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला हो, कोतवाली थाना क्षेत्र में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला हो, बेरमो में कोयला माफियाओं द्वारा दलित महिला अनीता देवी की हत्या का मामला हो या तुपुदाना में महिला की गैंगरेप के बाद नृशंस हत्या का मामला, ये सभी घटनाएं सरकार के महिला सुरक्षा के तमाम दावों की पोल खोल रही हैं. उन्होंने कहा कि गिरिडीह के सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की रामगढ़ में पीट-पीट कर हत्या कर दी गई. पूरे राज्य में अपराध और अपराधियों का बोलबाला है. बच्चों का अपहरण हो रहा है. महिलाएं बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं.
उन्होंने कहा कि राज्य में बढ़ते अपराधों पर सरकार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए और एक स्पष्ट कार्ययोजना जनता के सामने रखनी चाहिए. भाजपा ने आरोप लगाया कि राज्य में संगठित अपराध, रंगदारी और अवैध हथियारों का नेटवर्क लगातार फैल रहा है. उन्होंने कहा कि राजधानी रांची सहित कई जिलों में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं और आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. पार्टी ने चेतावनी दी कि अगर हालात नहीं सुधरे तो जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
Also Read : बिना किसी विरोध के कैसे तय हुआ रातु गढ़ के विरासत का वारिस, कोर्ट ने किसे सौंपी चाबी?

