Ranchi : पूर्णिया के सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने एक बड़ा दावा कर सियासत में खलबली मचा दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि झारखंड में ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत सरकार को अस्थिर करने की एक बहुत बड़ी साजिश रची गई थी। पप्पू यादव ने इस पूरे खेल के मुख्य सूत्रधार छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा को बताया है। पप्पू यादव ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा, आरके कंस्ट्रक्शन के मालिक और जेएमएम के पूर्व विधायक निजामुद्दीन रांची और धनबाद के बड़े होटलों में ठहरे थे। यह सारा खेल होटल के कमरों से ही चल रहा था, जिसके पुख्ता सबूत सीसीटीवी कैमरों में कैद हैं। पप्पू यादव ने इस साजिश में शिवनाथ ट्रैवल्स के मालिक और कोयला माफिया के भी शामिल होने की बात कही।
लिफाफे और व्हाट्सएप चैट का खुलासा
पप्पू यादव ने मनोज मंडल नाम के एक शख्स का जिक्र किया और उसका मोबाइल नंबर भी उजागर किया। उनका इल्जाम है कि मनोज मंडल रांची के बीजेपी दफ्तर में रुका था। उसने ही पूर्व विधायक निजामुद्दीन और अन्य लोगों तक पैसों के लिफाफे पहुंचाए। मनोज मंडल की छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम और बीजेपी महासचिव कबीर सिंह से व्हाट्सएप पर लगातार बातचीत हो रही थी। रामगढ़ के पटेल चौक पर तीन अहम लिफाफे पहुंचाए गए थे।
बसों से आया 100 करोड़ का कैश
सांसद का आरोप है कि छत्तीसगढ़ से लगभग 100 करोड़ रुपया पटना के रास्ते झारखंड भेजा गया था। इस रकम को लाने के लिए शिवनाथ ट्रैवल्स की बसों का इस्तेमाल हुआ। इसमें आरजेडी से जुड़े एक बड़े बालू माफिया का भी रोल था। पप्पू यादव ने कहा कि कांग्रेस के विधायकों को ईडी और एलओपी (नेता प्रतिपक्ष) का पद छीनने की धमकी दी गई थी। परिमल नाथवानी पर निशाना साधते हुए उन्होंने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों पर मुकदमा चलाने की मांग की है। साथ ही कहा कि कांग्रेस और जेएमएम को बिना देरी किये आरजेडी गठबंधन से बाहर निकालना चाहिये।
Also Read : “6 बेटों को थाना लाओ…” : थाना प्रभारी पर प्रताड़ना का आरोप, एसपी से गुहार

