Ranchi : झारखंड से राज्यसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद सांसद परिमल नाथवानी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भावुक संदेश साझा करते हुए सभी समर्थकों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में चौथी बार सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और भावनाओं से भरा क्षण है। परिमल नाथवानी ने अपने संदेश में कहा कि यह झारखंड से उनका तीसरा कार्यकाल होगा। उन्होंने बताया कि उनकी संसदीय यात्रा वर्ष 2008 में झारखंड की धरती से शुरू हुई थी। उन्होंने झारखंड को अपनी “कर्मभूमि” बताते हुए कहा कि यहां से फिर एक बार राज्यसभा पहुंचना उनके लिए गर्व और विनम्रता का विषय है।
प्रधानमंत्री और भाजपा नेतृत्व का जताया आभार
नाथवानी ने अपनी जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व तथा भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के समर्थन और विश्वास के कारण उन्हें यह जिम्मेदारी दोबारा निभाने का अवसर मिला है। उन्होंने झारखंड विधानसभा के उन सभी सदस्यों के प्रति भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने चुनाव में उनका समर्थन किया और उन्हें वोट दिया। नाथवानी ने कहा कि सभी विधायकों के सहयोग और विश्वास के लिए वे हृदय से कृतज्ञ हैं।
Deeply grateful for the opportunity to serve the fourth term as the Member of Rajya Sabha. This moment is filled with profound emotion as this will be my third term from Jharkhand, the very soil from where my Parliamentary journey began in 2008. It is a matter of immense pride… pic.twitter.com/1s3sOsS8Mi
— Parimal Nathwani (@mpparimal) June 18, 2026
झारखंड के विकास के लिए किया संकल्प
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि नए उत्साह, प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ वे झारखंड और यहां के लोगों की आकांक्षाओं तथा हितों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने राज्य के विकास और जनहित के मुद्दों को संसद में मजबूती से उठाने का भरोसा भी दिलाया। परिमल नाथवानी ने अपना संदेश “जोहार झारखंड” के साथ समाप्त किया। उनके इस संदेश को सोशल मीडिया पर व्यापक समर्थन मिल रहा है और समर्थक उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।
Also Read : परिमल नाथवानी और बैजनाथ राम बने राज्यसभा सांसद, प्रणव झा को मिली हार

