Ranchi : झारखंड राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब सभी की नजरें मतगणना और नतीजों पर टिकी हैं। इसी बीच क्रॉस वोटिंग की अटकलों के बीच जदयू विधायक सरयू राय का बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी अच्छे अंतर से चुनाव जीतेंगे।
“कुछ वोट इधर भी आ गया होगा”
मतदान समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत में सरयू राय ने अपने खास अंदाज में विपक्षी गठबंधन पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि गठबंधन के पास जितने वोट हैं, उन्हीं में से कुछ वोट इधर भी आ गया होगा। उन्होंने इसे समझाने के लिए एक दिलचस्प उदाहरण भी दिया। सरयू राय ने कहा, “थाली थोड़ा टेढ़ा हो जाता है तो ढुलक जाता है।” उनके इस बयान को राजनीतिक जानकार क्रॉस वोटिंग की ओर इशारा मान रहे हैं।
“अंतरात्मा की आवाज पर किया होगा मतदान”
सरयू राय ने आगे कहा कि कुछ विधायकों ने अपनी अंतरात्मा की आवाज पर मतदान किया है और ऐसे वोट निश्चित रूप से परिमल नाथवानी के पक्ष में गए हैं। उन्होंने दावा किया कि यही वजह है कि नाथवानी की जीत लगभग तय है। उनके इस बयान के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि क्या मतदान के दौरान किसी दल के विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर वोट डाला है। हालांकि इसका खुलासा मतगणना के बाद ही हो सकेगा।
मुकाबले में हैं तीन उम्मीदवार
इस बार राज्यसभा चुनाव में कुल तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के अलावा कांग्रेस की ओर से पीके झा और झामुमो की ओर से बैजनाथ राम चुनाव लड़ रहे हैं। विधानसभा के सभी 81 विधायकों ने मतदान में हिस्सा लिया। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और अब शाम की मतगणना में तस्वीर साफ होगी कि किस उम्मीदवार को कितना समर्थन मिला।
Also Read : झारखंड राज्यसभा चुनाव : सभी 81 विधायकों ने डाले वोट, शाम 5 बजे से होगी मतगणना

