Latehar : लातेहार के सदर थाना क्षेत्र के कोने पिकेट से आगे खुटगड़ी गांव के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। मिली जानकारी के अनुसार कार संख्या JH03 AW 6472 सरयू की ओर से लातेहार आ रही थी, जबकि बाइक पर सवार दो युवक लातेहार से सरयू की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खुटगड़ी गांव के पास तीखे मोड़ पर दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी।
टक्कर के बाद पेड़ से जा टकराई कार
हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इससे कार को भी भारी नुकसान पहुंचा। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के तुरंत बाद कार में सवार दो लोग मौके से फरार हो गए।
आवाज सुनकर जुटे ग्रामीण
दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने दोनों युवकों को सड़क पर पड़ा देखा। जांच करने पर पता चला कि दोनों की मौत हो चुकी है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा ने बताया कि फरार कार सवारों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त कार के आधार पर वाहन मालिक और चालक की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं मृतकों की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचना भेजी गई है।
जनप्रतिनिधि भी पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रखंड उपप्रमुख राजकुमार प्रसाद और पूर्व मुखिया जुलेश्वर लोहरा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने हादसे की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच में तेजी लाने की मांग की।
Also Read : हजारीबाग : घर में मिली 85 वर्षीय महिला की लहूलुहान लाश, इलाके में सनसनी

