Jamtara : जामताड़ा के कोर्ट रोड स्थित स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के आवास पर शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के बीएलओ-2 और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया और चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं को बताया गया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के समय किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे, इसके लिए जमीनी स्तर पर सतर्कता बरतनी होगी। बीएलओ-2 और पार्टी कार्यकर्ताओं को मतदाताओं से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने तथा पुनरीक्षण प्रक्रिया में सहयोग करने का निर्देश दिया गया।
पात्र मतदाताओं के नाम बचाने पर जोर
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जिन लोगों को मतदान का अधिकार प्राप्त है, उनका नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे। इसके लिए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और हर घर तक पहुंचने की रणनीति पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे क्षेत्र में लोगों को जागरूक करें और किसी भी प्रकार की त्रुटि की जानकारी तत्काल पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाएं।
भाजपा पर लगाया राजनीतिक एजेंडा चलाने का आरोप
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया भाजपा के राजनीतिक प्रोपेगेंडा का हिस्सा है। उनका आरोप था कि इस प्रक्रिया के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।
नेहरू और मोदी के कार्यकाल की तुलना
डॉ. अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की आलोचना करते हुए कहा कि लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने के बावजूद उनकी तुलना देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू से नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि नेहरू ने देश के विकास की मजबूत नींव रखी थी, जिसका लाभ आज भी देश को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि भेल, सेल, मैथन डैम और चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना जैसी अनेक संस्थाएं और परियोजनाएं नेहरू युग की देन हैं। उनके अनुसार आज भी देश में ऐसी हजारों उपलब्धियां मौजूद हैं, जो नेहरू के योगदान को दर्शाती हैं।
केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल पर सवाल
डॉ. इरफान अंसारी ने दावा किया कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में ऐसा कोई बड़ा कार्य नहीं हुआ है, जिसे भाजपा अपनी ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में गिना सके। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने देश के निर्माण की आधारशिला रखी थी और आज उसी व्यवस्था पर देश आगे बढ़ रहा है।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रभु मंडल, कार्यकारी जिला अध्यक्ष विजय दुबे, इरशाद उल हक अर्शी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत बनाने पर भी चर्चा की गई।

