Ranchi : राजधानी रांची में अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय है। रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर जिलेभर में एंटी-क्राइम चेकिंग के साथ ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व तथा अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल तिवारी की अगुवाई में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिसकर्मियों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के तहत पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की। शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।

जांच अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध पर नियंत्रण, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस ने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Also Read : रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का हंटर, एक दिन में 3494 चालान

