Chatra : चतरा जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के गड़िया गांव निवासी प्रमोद कुमार हत्याकांड का पुलिस ने महज चार दिनों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर मामले की जांच की। एसडीपीओ ने मीडिया को बताया कि बीते 7 जून को प्रमोद कुमार के अपहरण की सूचना मिलने के बाद राजपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को गांव से लगभग 200 मीटर दूर नदी किनारे बालू में दबा प्रमोद कुमार का शव बरामद हुआ। मामले की गहन जांच में पता चला कि अवैध हथियार की खरीद-बिक्री को लेकर हुए विवाद के कारण हत्या की साजिश रची गई थी। पुलिस के अनुसार मृतक के एक करीबी मित्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
हत्या के बाद आरोपितों ने शव को नदी की बालू में दबाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पैथल निवासी सुनील कुमार (19) और सुनील कुमार (21) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मामले में शामिल एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गमछा, रस्सी का टुकड़ा, मृतक का आईफोन, सात जिंदा कारतूस तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है तथा गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
Also Read : झारखंड को मैन्युफैक्चरिंग हब और नॉलेज इकोनॉमी बनाना हमारा संकल्प : सीएम हेमंत सोरेन

