Jamtara : झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर झामुमो यानी झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने दावा किया है कि दोनों सीटों पर महागठबंधन की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि एक सीट पर झामुमो और दूसरी सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं तथा गठबंधन के सभी दल उनके समर्थन में एकजुट हैं। जामताड़ा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विनोद पांडे ने कहा कि महागठबंधन में किसी प्रकार की कोई आशंका या मतभेद नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों उम्मीदवार भारी समर्थन के साथ जीत दर्ज करेंगे। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा की स्थिति कमजोर हो गई है। यही कारण है कि पार्टी राज्यसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार तक नहीं उतार सकी और एक निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य का राजनीतिक माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है।
विनोद पांडेय ने राज्यसभा चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग (विधायकों की खरीद-फरोख्त) की संभावना से भी पूरी तरह इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि जब भाजपा अपना उम्मीदवार खड़ा करने के बजाय एक निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन दे रही है, तो उसकी मंशा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राज्यसभा चुनाव को लेकर पूरे राज्य का राजनीतिक वातावरण दूषित करने की कोशिश की है। हालांकि उन्होंने कहा कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और चुनाव में सफलता हासिल करेगा। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल, जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष सगीर खान, युवा नेता प्रदीप मंडल, परेश यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
Also Read : हथियार की खरीद-बिक्री को लेकर मा’रा गया प्रमोद, एक नाबालिग समेत तीन को पुलिस ने दबोचा

