Ranchi : रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम अफसर अंसारी (22 वर्ष) और शोएब अंसारी उर्फ नुनुवा अंसारी (23 वर्ष) बताये गये। दोनों आरोपी पिठौरिया थाना क्षेत्र के कोकदोरो के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया पिस्तौल, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश और हत्या के एक मामले में गवाही रोकने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया था। जानकारी के अनुसार 2 जून की शाम करीब छह बजे मदनपुर कोकदोरो निवासी फिरोज अंसारी पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने गोली चला दी थी। गोली लगने से फिरोज अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पिठौरिया थाना में कांड संख्या 63/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के रांची एसएसपी राकेश रंजान के निर्देश पर रूरल एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। सीनियर डीएसपी अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शोएब अंसारी उर्फ नुनुवा अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मामले का दूसरा आरोपी अफसर अंसारी पुलिस दबाव बढ़ने के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। बाद में उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।
निशानदेही पर बरामद हुआ हथियार
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 7.65 एमएम का पिस्तौल, एक जिंदा गोलियां और घटना में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (JH01EJ-0872) बरामद कर ली।
गवाही देने से रोकने के लिए रची गई थी साजिश
पुलिस के अनुसार वर्ष 2022 में फिरोज अंसारी के भतीजे की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अफसर अंसारी आरोपी था और फिलहाल जमानत पर बाहर था। पुलिस जांच में पता चला है कि अफसर अंसारी फिरोज अंसारी पर लगातार दबाव बना रहा था कि वह हत्या मामले में अदालत में गवाही न दें। गवाही देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। जब फिरोज अंसारी गवाही देने के लिए तैयार रहे तो उन्हें रास्ते से हटाने की नीयत से फायरिंग की गई।
कई चोरी और गृहभेदन मामलों में भी संलिप्तता
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पिठौरिया और कांके थाना क्षेत्र में हुई गृहभेदन और चोरी की कई घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब इन मामलों की भी जांच कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अफसर अंसारी के खिलाफ हत्या सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वर्ष 2022 के हत्या कांड के अलावा उसके खिलाफ 2025 में गृहभेदन और चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
Also Read : देवघर में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 13 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार


