Giridih : गिरिडीह जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के तुरुकडीहा गांव में एक पिता ने अपनी ही तीन बेटियों की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। सोमवार सुबह हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान नंदू यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह किसी बात को लेकर वह अचानक गुस्से में आ गया। इसके बाद उसने घर में मौजूद अपनी तीनों बेटियों पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में तीनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीपीओ जीतबाहन उरांव और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और आरोपी पिता नंदू यादव को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी जब्त कर लिया है। वहीं तीनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
Also Read : झारखंड में बारिश बनी राहत, ठनका बनी आफत : 24 घंटे में तीन लोगों की गई जान


