Ranchi : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे। राजधानी पहुंचते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट परिसर भाजपा के झंडों और नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं में राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। रांची पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने सबसे पहले धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह दौरा सिर्फ संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड की सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान का भी संदेश देता है।
प्रदेश कार्यालय में हुआ स्वागत समारोह
श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद प्रदेश कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान संगठन की गतिविधियों और आगामी योजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने संगठन को और मजबूत बनाने के सुझाव भी रखे।
सांसदों और विधायकों के साथ होगी महत्वपूर्ण बैठक
रांची दौरे के दौरान नितिन नवीन का सबसे अहम कार्यक्रम सांसदों और विधायकों के साथ बैठक माना जा रहा है। इस बैठक में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों, संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी की आगामी रणनीतियों पर भी मंथन किया जाएगा। पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों को इसमें शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
कोर कमिटी के साथ करेंगे संगठनात्मक चर्चा
सांसदों और विधायकों की बैठक के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश कोर कमिटी के सदस्यों के साथ भी बैठक करेंगे। इस दौरान संगठन विस्तार, बूथ स्तर की मजबूती, सदस्यता अभियान और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। भाजपा नेतृत्व इस बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है।
प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में भी होंगे शामिल
दिन के अंतिम कार्यक्रम के रूप में नितिन नवीन कार्निवल बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यहां वे शिक्षा, उद्योग, सामाजिक क्षेत्र, व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी समाज के विभिन्न वर्गों की राय जानने और उनके सुझावों को संगठन तक पहुंचाने की कोशिश करेगी। भाजपा नेताओं का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा झारखंड में संगठन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। सांसदों, विधायकों, कोर कमिटी और प्रबुद्धजनों के साथ होने वाली बैठकों से पार्टी को आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति तय करने में मदद मिलेगी। इसी वजह से भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं की नजर राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दो दिवसीय दौरे पर टिकी हुई है।
Also Read : गिरिडीह सदर अस्पताल में बवाल, मरीज की मौ’त के बाद भड़के परिजन


