Giridih : गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र के न्यू बरगंडा मोहल्ले में चेन स्नैचिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, न्यू बरगंडा निवासी विजय सिंह की पत्नी शांति देवी अपने एक रिश्तेदार के घर से लौटकर अपने घर आ रही थीं। रिश्तेदार का घर उनके आवास से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। शांति देवी पैदल चलकर अपने घर के मुख्य दरवाजे के पास पहुंची ही थी कि पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक तेजी से आए।
पीड़िता ने बताया कि इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, बाइक के पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। घटना इतनी तेजी से हुई कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। चेन छीनते ही दोनों बदमाश बाइक की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद शांति देवी ने शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक वे काफी दूर निकल चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस हरकत में आ गई। थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़िता समेत स्थानीय लोगों से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, बदमाशों द्वारा छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब 3 लाख 36 हजार रुपये से अधिक है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Also Read : कोडरमा विधायक नीरा यादव के निजी वाहन चालक की हत्या, जमीन विवाद में हुआ कांड


