Koderma : कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर गांव में जमीन विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। बीती देर रात हुई हिंसक झड़प में कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक राजकुमार यादव की हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है, जबकि आक्रोशित लोगों ने दोषियों की गिरफ्तारी और थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
कार्यक्रम से लौटते समय मिली विवाद की सूचना
जानकारी के अनुसार राजकुमार यादव देर रात विधायक डॉ. नीरा यादव के साथ एक कार्यक्रम में शामिल थे। झुमरीतिलैया से लौटने के दौरान उन्हें गांव में जमीन को लेकर चल रहे विवाद की सूचना मिली। इसके बाद वह तुरंत अपने गांव चितरपुर पहुंचे। बताया जाता है कि वहां पहले से ही गोतिया परिवार के लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
घर पहुंचते ही शुरू हुई मारपीट
परिजनों के अनुसार जैसे ही राजकुमार यादव घर पहुंचे, दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से राजकुमार यादव पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मां, पिता और बेटी भी घायल
इस घटना में मृतक की बेटी सोनिका कुमारी, मां सुधा देवी और पिता दशरथ यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है। सोनिका कुमारी ने बताया कि जब वह घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचीं तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया।
पहले भी हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना से एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान मृतक की मां के साथ मारपीट की गई थी और उन्हें जमीन में आधा गाड़ने की कोशिश भी की गई थी। इसके बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ था।
विधायक ने पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
घटना की सूचना मिलते ही विधायक डॉ. नीरा यादव देर रात सदर अस्पताल पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। विधायक का कहना है कि विवाद की जानकारी पहले ही पुलिस को दे दी गई थी। यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो इस घटना को रोका जा सकता था।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
शव रखकर सड़क जाम, थाना प्रभारी को हटाने की मांग
घटना से नाराज विधायक समर्थकों और ग्रामीणों ने राजकुमार यादव के शव के साथ कोडरमा थाना के सामने रांची-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान को तत्काल निलंबित करने, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया।
Also Read : चतरा में नशे के धंधे पर वार, 2.132 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार


