Giridih : गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र में बीती देर रात घर में सो रहे दंपती पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। इस हमले में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का इलाज धनबाद के एक अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
रात करीब साढ़े 12 बजे हुई वारदात
घटना मधुबन थाना क्षेत्र के दलान चलकरी गांव की है। जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय पतिया हांसदा अपनी पत्नी परनी मरांडी के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे कुछ अज्ञात लोग घर में घुस आए और दोनों पर हमला कर दिया। हमले के बाद घर से चीख-पुकार और रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने देखा कि पतिया हांसदा और उनकी पत्नी खून से लथपथ पड़े हुए हैं, जबकि उनके बच्चे रो रहे थे।
अस्पताल ले जाने पर पति को मृत घोषित किया गया
घटना की सूचना तुरंत मधुबन थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डुमरी एसडीपीओ आबिद खान और मधुबन थाना पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पतिया हांसदा को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।
मजदूरी कर परिवार चलाता था मृतक
मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि पतिया हांसदा मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार का किसी से कोई बड़ा विवाद होने की जानकारी नहीं है। ऐसे में आखिर किस वजह से उसकी हत्या की गई, यह बात अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों का कहना है कि हमलावर कौन थे और उन्होंने इस वारदात को क्यों अंजाम दिया, इसकी कोई जानकारी उन्हें नहीं है।
पुलिस कई बिंदुओं पर कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि पतिया हांसदा की हत्या हुई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद दलान चलकरी गांव में शोक और भय का माहौल है। एक ओर परिवार के मुखिया की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दूसरी ओर घायल महिला जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Also Read : खान सर की कोचिंग के बाहर चली गोली, पुलिस जुटी जांच में


