Chaibasa : चाईबासा जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के खंडखोरी गांव में एक महिला की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली शुनु गोप (47 वर्ष), पति देवेंद्र गोप, की किसी व्यक्ति ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी।बताया जाता है कि सोमवार (1 जून 2026) को महिला का शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुट गई।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए चाईबासा एसपी अमित रेणु के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर लगातार छानबीन की।
24 घंटे के भीतर आरोपी दबोचा गया
पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि मामले के मुख्य आरोपी एडका उर्फ चोके सिंह (करीब 33 वर्ष), निवासी खंडखोरी, टोला मटकम साई, को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया सब्जी काटने वाला स्टील का चाकू भी बरामद कर लिया है। बरामद हथियार को पुलिस ने जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और महिला के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने गुस्से में आकर महिला की हत्या कर दी। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Also Read : 20 चोरी की बाइक, 2 शातिर चोर और 30 लाख का खेल… चाईबासा पुलिस ने ऐसे खोला पूरा राज


