Ranchi : राजधानी रांची में सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी, नशापान और अनावश्यक भीड़ जुटाने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर सोमवार रात शहर के कई प्रमुख इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सदर एसडीएम कुमार रजत ने किया।
जांच के दौरान प्रशासनिक टीम कचहरी चौक से बड़ा तालाब, हरमू चौक से गाड़ीखाना चौक और आसपास के इलाकों में पहुंची। टीम ने सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर खड़े लोगों से पूछताछ की तथा उनकी गतिविधियों की जानकारी ली।
अभियान के दौरान कुछ स्थानों पर युवाओं का अनावश्यक जमावड़ा देखने को मिला। प्रशासनिक अधिकारियों ने ऐसे युवाओं को समझाया कि सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह भीड़ लगाने से बचें और किसी भी तरह की ऐसी गतिविधि में शामिल न हों, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।
एसडीएम कुमार रजत ने मौके पर मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी, नशापान और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में कोई व्यक्ति ऐसी गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक भीड़ और नशे से जुड़ी गतिविधियां आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा के लिए परेशानी पैदा करती हैं। ऐसे मामलों पर प्रशासन लगातार नजर रख रहा है और आगे भी इसी तरह के अभियान जारी रहेंगे।
जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में लगाएं। साथ ही शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन का कहना है कि राजधानी में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए आने वाले दिनों में भी विभिन्न इलाकों में नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाएगा।
Also Read : एडीजी की दो टूक- नशा तस्करों, भू-माफियाओं और गैंगस्टरों को किसी भी हाल में नहीं बख्शें


