Palamu : पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में एक पारा शिक्षक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में पता चला है कि ब्याज के साथ पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक पारा शिक्षक ने अपने ही साथी पारा शिक्षक की हत्या कर दी। मृतक की पहचान चिल्हो खुर्द निवासी पारा शिक्षक उदय सिंह के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार आरोपी सुरेंद्र यादव छतरपुर के नाग बाबा क्षेत्र का रहने वाला है। वह भी पारा शिक्षक के रूप में कार्यरत है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
25 हजार के बदले मांगे जा रहे थे 50 हजार रुपये
पुलिस के अनुसार करीब छह महीने पहले सुरेंद्र यादव ने उदय सिंह से 25 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि उदय सिंह ब्याज जोड़कर उससे 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि घटना से करीब एक सप्ताह पहले दोनों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी, धक्का-मुक्की और गाली-गलौज हुई थी। इस घटना के बाद सुरेंद्र यादव ने उदय सिंह की हत्या की योजना बना ली।
पहले साथ बैठकर पी बीयर, फिर सुनसान जगह ले जाकर की हत्या
एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना वाली रात दोनों साथ बैठे और बीयर पी। इसके बाद सुरेंद्र यादव उदय सिंह को बहाने से एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां उसने अपने झोले में छिपाकर रखे फरसा से उदय सिंह की गर्दन पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले में उदय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
पत्नी की शिकायत पर शुरू हुई जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक की पत्नी ने छतरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई।
पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर सुरेंद्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
मोबाइल, कपड़े और बाइक बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा हत्या में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक बरामद कर ली है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फरसा की भी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस पूरे मामले के खुलासे में छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे, अवर निरीक्षक राहुल कुमार सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच जारी है।
Also Read : झारखंड में मतदाता मैपिंग ने पकड़ी रफ्तार, एक सप्ताह में 5 लाख से अधिक वोटर जुड़े


