Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत शेखपुरा गांव के समीप बीती रात चित्रा से जामताड़ा की ओर आ रही एक मारुति ब्रेजा कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई। हालांकि कार में सवार तीनों लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे ब्रेजा कार चित्रा से जामताड़ा की ओर जा रही थी। जब वाहन शेखपुरा गांव के पास पहुंचा, तभी कार में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले वाहन से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद उसने कार में बैठे अन्य दो लोगों को बाहर निकलने के लिए कहा। सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। कुछ ही क्षणों बाद आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
देखते ही देखते राख हो गई कार
स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। लोगों ने पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। घटना के दौरान सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था। आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।
समय रहते बाहर निकले सवार, टला बड़ा हादसा
ग्रामीणों का कहना है कि अगर चालक ने सूझबूझ नहीं दिखाई होती और समय रहते वाहन नहीं रोका होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। कार में आग लगने के बाद स्थिति बेहद भयावह हो गई थी। समय रहते सभी के बाहर निकल जाने से जनहानि नहीं हुई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने कार में आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
Also Read : जामताड़ा में बेखौफ बदमाशों का तांडव, पिस्तौल की नोक पर ज्वेलर्स कारोबारी को लूटा


