Ranchi : राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। अब बदमाश सुबह के समय भी लोगों को निशाना बनाने से नहीं डर रहे। ताजा मामला किशोरगंज चौक इलाके का है, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से बाइक सवार अपराधियों ने सोने की चेन और झुमके छीन लिए। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ ही नहीं पाई।
रोज की तरह टहलने निकली थी महिला
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला रोज सुबह की तरह टहलने के लिए घर से निकली थी। किशोरगंज चौक के पास पहुंचते ही बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। दोनों काफी देर से महिला पर नजर रखे हुए थे। जैसे ही महिला सड़क के किनारे अकेली दिखी, बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन और कान से झुमके छीन लिए। अचानक हुई इस घटना से महिला पूरी तरह घबरा गई। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद तेज रफ्तार में वहां से फरार हो गए।
कुछ देर तक सदमे में खड़ी रही महिला
घटना के बाद महिला डर और सदमे में वहीं खड़ी रह गई। उसने शोर मचाया तो आसपास टहल रहे लोग और स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे। लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक अपराधी काफी दूर निकल चुके थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि किशोरगंज चौक और आसपास के इलाके में सुबह के समय बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक करने निकलते हैं। ऐसे में इस तरह की घटना से लोगों में डर का माहौल बन गया है। खासकर महिलाओं में दहशत देखी जा रही है।
इलाके में बढ़ रही छिनतई की घटनाएं
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ समय से शहर में चेन स्नैचिंग और मोबाइल छिनतई की घटनाएं बढ़ी हैं। अपराधी खासतौर पर सुबह और शाम के समय सुनसान या कम भीड़ वाले इलाकों को निशाना बना रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त कम होने की वजह से बदमाश बेखौफ घूम रहे हैं। घटना के बाद इलाके के लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मॉर्निंग वॉक करने वालों की सुरक्षा के लिए नियमित पेट्रोलिंग जरूरी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


