Jamtara : झारखंड में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने सभी जिलों के डीसी को जनहित में तुरंत जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि इस भीषण गर्मी में आम लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करे।
सार्वजनिक जगहों पर पेयजल की व्यवस्था अनिवार्य
विस अध्यक्ष ने खास तौर पर निर्देश दिया है कि सभी सार्वजनिक स्थानों, सरकारी दफ्तरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की उपलब्धता सबसे जरूरी है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिन इलाकों में पानी की समस्या या जल संकट की स्थिति बनी हुई है, वहां तुरंत टैंकर के जरिए जलापूर्ति कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही खराब पड़े चापाकलों की जल्द से जल्द मरम्मत करने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था करने को भी कहा गया है।
प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील
रबीन्द्रनाथ महतो ने अधिकारियों से अपील की है कि वे इस स्थिति में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तेजी से कार्रवाई करें, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “जनहित सर्वोपरि है” और आम जनता की सुरक्षा व सुविधा प्रशासन की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए। राज्य में बढ़ते तापमान और हीटवेव के खतरे को देखते हुए प्रशासन को पहले से तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके और लोगों को राहत मिल सके।
Also Read : पलामू बस स्टैंड के पास आग ने मचाई तबाही, तीन दुकानें जलकर खाक


