Ranchi : राजधानी रांची के जुमार पुल के पास स्थित BSNL ऑफिस के सामने रविवार को तेज रफ्तार में जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के वक्त कार में महिला और बच्चे भी सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी सुरक्षित बच गए, जबकि ड्राइवर घायल हो गया।
अचानक अनियंत्रित होकर पलटी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार बूटी मोड़ की ओर से आ रही थी। इसी दौरान BSNL ऑफिस के सामने चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क पर पलट गई। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत दौड़कर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
महिला और बच्चे सुरक्षित
हादसे के समय कार में एक महिला और बच्चे भी मौजूद थे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लोगों का कहना है कि हादसा काफी भयावह था, लेकिन गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।
ड्राइवर को लगी चोट
कार चला रहे ड्राइवर को हादसे में चोट आई है। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि उसकी हालत खतरे से बाहर है।
हादसे के बाद जुटी भीड़
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वाहन को हटाया गया और यातायात सामान्य कराया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी ली। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन अनियंत्रित होना हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Also Read : 12 घंटे ब्लैकआउट से झरिया में फूटा गुस्सा, बिजली स्टेशन का घेराव


