Ranchi : राजधानी रांची में एक युवती से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता ने लालपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले को लेकर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की चर्चा हो रही है। जानकारी के अनुसार करमटोली निवासी 23 वर्षीय युवती ने 22 मई 2026 को लालपुर थाना में आवेदन देकर एक युवक पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की जांच की और वीडियो को जब्त कर लिया, ताकि पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा सके।
कई धाराओं में मामला दर्ज
मामले को गंभीरता से लेते हुए लालपुर थाना में कांड संख्या 101/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 75, 76, 78, 137(2) और 61 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की गई।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
लालपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विनय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हरियाणा के भिवानी जिले का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में यूनिट-1 बटालियन राजपुताना रायफल, नामकुम से जुड़ा हुआ था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को 22 मई को ही न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने यूनिट-1 बटालियन राजपुताना रायफल, नामकुम के कमांडिंग ऑफिसर को भी पूरे मामले की जानकारी दे दी है।
Also Read : आउटसोर्सिंग के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा , थाने के बाहर जमकर हंगामा


