Ranchi : झारखंड क्रिकेट के लिए एक नई शुरुआत हो गई है। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) ने राज्य में पहली बार झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 की आधिकारिक घोषणा कर दी है। रांची के रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में लीग की ट्रॉफी लॉन्च की गई। इस मौके पर भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और झारखंड के बेटे ईशान किशन की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और खास बना दिया। आईपीएल के व्यस्त कार्यक्रम के बीच ईशान किशन का रांची पहुंचना क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं था। उनके पहुंचते ही कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल बन गया। मीडिया और क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें उन्हीं पर टिकी रहीं।
झारखंड के खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन लंबे समय से खिलाड़ियों को एक बड़े और पेशेवर मंच की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी सोच के साथ इस लीग की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह लीग आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होगी, ताकि राज्य के युवा खिलाड़ियों को प्रोफेशनल क्रिकेट का अनुभव मिल सके। इससे खिलाड़ियों को न सिर्फ प्रतिस्पर्धी माहौल मिलेगा, बल्कि बड़े स्तर पर खुद को साबित करने का मौका भी मिलेगा।
छह फ्रेंचाइजी टीमें लेंगी हिस्सा
JSCA ने बताया कि लीग में कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें रांची कैपिटल, जमशेदपुर स्टीलर्स, धनबाद किंग्स, बोकारो बुल्स, दुमका डायमंड और संथाल स्ट्राइकर्स शामिल हैं। हर टीम में 18 से 20 खिलाड़ियों का स्क्वाड होगा। खिलाड़ियों का चयन ऑक्शन के जरिए किया जाएगा। इसमें वे खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे, जो घरेलू क्रिकेट खेल चुके हैं।
जून में होगा टूर्नामेंट, प्रोफेशनल अंदाज में होगी तैयारी
JSCA के मुताबिक, इस लीग का आयोजन जून महीने में किया जाएगा। आयोजन को पूरी तरह पेशेवर तरीके से तैयार किया जा रहा है। कोशिश है कि खिलाड़ियों को ऐसा माहौल मिले, जैसा बड़े राष्ट्रीय टूर्नामेंट में मिलता है। अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ मनोरंजन या टूर्नामेंट तक सीमित पहल नहीं है, बल्कि झारखंड के क्रिकेट ढांचे को मजबूत करने की लंबी योजना का हिस्सा है।
ग्रामीण खिलाड़ियों के लिए खुलेंगे नए रास्ते
अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि राज्य के छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें सही मौका नहीं मिल पाता। यह लीग ऐसे खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच बनेगी। उन्होंने यह भी बताया कि JSCA महिला क्रिकेट को लेकर भी गंभीर है और जल्द ही राज्य में महिला क्रिकेट लीग शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
ईशान किशन बोले- ऐसा मंच खिलाड़ियों की सोच बदल देता है
कार्यक्रम में ईशान किशन ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बचपन में वे बड़े क्रिकेट लीग टूर्नामेंट देखते थे और सोचते थे कि काश उन्हें भी ऐसा मौका मिले। अब झारखंड के खिलाड़ियों के लिए ऐसा मंच तैयार हो रहा है, यह बेहद खुशी की बात है। ईशान ने कहा कि झारखंड में टैलेंट की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ सही दिशा और मौके की है। इस तरह की लीग खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ाती है और उन्हें बड़े स्तर पर खेलने के लिए तैयार करती है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर भी बोले ईशान
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ईशान किशन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और वापसी को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी के करियर में उतार-चढ़ाव आते हैं। खराब दौर स्थायी नहीं होता। मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से खिलाड़ी शानदार वापसी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट में ऐसे कई उदाहरण हैं, जहां खिलाड़ियों ने मुश्किल दौर के बाद दमदार वापसी की है।
Also Read : जारंगडीह परियोजना से CMPDI तक केंद्रीय मंत्री का निरीक्षण, विकास कार्यों का लिया हिसाब


