Ranchi : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 3000 करोड़ रुपये के चर्चित टेंडर घोटाले के मुख्य आरोपी और पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा जश्न मनाना झारखंड की राजनीति में नैतिक गिरावट का संकेत है। बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रतुल शाह देव ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और उनके समर्थकों ने जिस तरह “बेल उत्सव” मनाया, उससे साफ है कि कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार अब शर्म का नहीं, बल्कि उत्सव का विषय बन गया है।
उन्होंने कहा कि जिस मामले में ईडी की छापेमारी के दौरान निजी सचिव के सहायक के ठिकाने से 32 करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद हुई थी, और जहां सहायक जहांगीर आलम ने कथित तौर पर यह स्वीकार किया था कि यह रकम आलमगीर आलम की है, उस मामले में जमानत मिलने पर जश्न मनाना जनता की भावनाओं का अपमान है।
प्रतुल शाह देव ने कहा कि कांग्रेस जमानत को ऐसे पेश करने की कोशिश कर रही है, मानो यह पूरी तरह बेदाग साबित होने का प्रमाण हो, जबकि जमानत केवल न्यायिक प्रक्रिया का एक हिस्सा है, न कि किसी आरोप से पूर्ण मुक्ति का प्रमाणपत्र। इस प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
Also Read : PLFI उग्रवादी मोहन कुमार चढ़ा खूंटी पुलिस के हत्थे, मिट्टी में गाड़कर छिपाए हथियार बरामद


