Jamtara : साइबर अपराध के लिए बदनाम जामताड़ा में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। गेमिंग एप के जरिए लोगों को ठगने वाले दो साइबर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग और लुभावने ऑफर के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें गेमिंग एप या ऑनलाइन ऑफर का लालच देते थे। जैसे ही कोई उनके झांसे में आता, उससे निजी जानकारी हासिल करने या पैसे ट्रांसफर कराने का खेल शुरू हो जाता था। साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके निकाल रहे हैं और इस बार गेमिंग एप को ठगी का हथियार बनाया गया था।
7 मोबाइल फोन बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा और उनके पास से 7 मोबाइल फोन जब्त किए। पुलिस अब इन मोबाइल फोन की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितने लोगों को निशाना बनाया गया और नेटवर्क कितना बड़ा है। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि इस गिरोह से और कौन-कौन जुड़े हैं। जामताड़ा का नाम लंबे समय से साइबर अपराध से जुड़ता रहा है। पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन साइबर ठग नए तौर-तरीकों से लोगों को निशाना बनाने की कोशिश करते रहते हैं। इस कार्रवाई से साफ है कि पुलिस अब तकनीकी निगरानी के जरिए ऐसे गिरोहों पर लगातार नजर रख रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान लिंक, गेमिंग ऑफर या संदिग्ध ऐप पर भरोसा न करें। बिना जांचे-परखे कोई ऐप डाउनलोड न करें और न ही अपनी बैंकिंग या निजी जानकारी किसी के साथ साझा करें।
Also Read : पूर्व विधायक माधव लाल सिंह के निधन पर सीएम हेमंत ने जताया शोक, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार का निर्देश


