Chaibasa : चाईबासा के झींकपानी थाना क्षेत्र में बदले की आग में सुलग रही एक पुरानी रंजिश का खतरानाक अंजाम सामने आया है। यहां एक युवक पर तीर-धनुष से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी भगवान बिरुली फायरिंग दोपे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल तीर-धनुष भी बरामद कर लिया है। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा मंगलवार को सदर एसडीपीओ बहामन टूटी ने किया।
एसडीपीओ के मुताबिक 9 मई को झींकपानी थाना क्षेत्र के टंकी बांदा के पास बेतिया गांव निवासी चुइया बिरुली पर तीरों से जानलेवा हमला किया गया था। आरोपी ने हत्या की नियत से तीरों की बौछार कर दी, जिसमें तीन तीर चुइया बिरुली को लगे। हमले के बाद इलाके में जबरदस्ती मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसके शरीर से दो तीर निकाले, जबकि एक तीर घायल ने खुद निकाल लिया था। बाकी उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने बनाया विशेष दल, देर शाम दबोचा आरोपी
घायल के फर्दबयान के आधार पर झींकपानी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित रेणु के निर्देश पर प्रशिक्षु आईपीएस सह थाना प्रभारी राजकुमार जेयराजू और एसडीपीओ बहामन टूटी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम बनाई गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चिड़िया पहाड़ी गांव निवासी भगवान बिरुली उर्फ दोपे को सोमवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पुरानी रंजिश के कारण उसने हत्या की नीयत से हमला किया था।
1995 में पिता की हत्या, बेटे ने 30 साल बाद लिया बदला
पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई, उसने सभी को चौंका दिया। एसडीपीओ के मुताबिक आरोपी के पिता लागो बिरुली की 1995 में हत्या कर दी गई थी। हाल ही में आरोपी को इस पुराने मामले की जानकारी मिली थी। उसे बताया गया था कि चुइया बिरुली और उसके कुछ साथियों का नाम उस हत्या मामले में सामने आया था। बस यही बात उसके मन में बदले की आग बनकर बैठ गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने मौका मिलते ही चुइया बिरुली को निशाना बनाया और एक साथ करीब 20 तीर चला दिए। इनमें से तीन तीर सीधे घायल को लगे।
तीर-धनुष बरामद, आरोपी न्यायिक हिरासत में
आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल तीर-धनुष भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि यह मामला दिखाता है कि पुरानी रंजिश किस तरह खतरनाक रूप ले सकती है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
