Ranchi : मदर्स डे के मौके पर एक्वा वर्ल्ड मछली घर में रविवार को खास कार्यक्रम ‘मदर्स डे स्पेशल’ का आयोजन किया गया। पूरा आयोजन मांओं को समर्पित रहा, जहां मम्मी और बच्चों ने मिलकर कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उत्साह, भावनाएं और मनोरंजन का खूबसूरत संगम देखने को मिला।
मांओं के नाम रही पूरी शाम
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। आयोजन स्थल पर पहुंचे लोगों ने मां के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। बच्चों और उनकी मम्मी के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं रखी गई थीं, ताकि परिवार एक साथ इस खास दिन को यादगार बना सके। बच्चों और मम्मी की टीमों के बीच क्वेश्चन-आंसर राउंड आयोजित किया गया, जिसमें मां-बच्चों की समझ और तालमेल की झलक देखने को मिली। इसके बाद मां थीम पर आधारित गीतों पर कैटवॉक का आयोजन हुआ। इस दौरान प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
खुशबू को मिला बेस्ट मदर का खिताब
विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रदर्शन के आधार पर खुशबू को बेस्ट मदर चुना गया। वहीं रजनी ने दूसरा और नूपुर ने तीसरा स्थान हासिल किया। सांत्वना पुरस्कार पाने वालों में स्नेहा, आकृति, मधुलिका, बेबी और नूर शामिल रहीं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान दीपांजलि और स्वस्तिका के ग्रुप ने ‘मेरी मां’ गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति देकर सभी को भावुक कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके अलावा देव ज्योति नाहा (डीजे सर), अहम राज, रिया कुमारी, मानसी कुमारी, साल्विया, श्रेयासाक्षी और मुस्कान ने भी अलग-अलग प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को रंगारंग बना दिया।
अतिथियों ने बढ़ाया आयोजन का मान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूजा रे मौजूद रहीं। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर एक्वा वर्ल्ड समूह के चेयरमैन प्रतुल शाह देव, दीपांजलि ग्रुप के निदेशक विपुल नायक, वैम्स मॉडलिंग इंस्टिट्यूट के निदेशक वसीम आलम, सुमित रूंगटा और धीरज कुमार भी उपस्थित रहे। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम परिवारों को जोड़ने और मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अच्छा माध्यम हैं। मदर्स डे पर आयोजित इस कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों को यादगार अनुभव दिया।

Also Read : पेयजल-बिजली संकट पर 12 मई को भाजपा का प्रदर्शन, डीसी कार्यालय का करेगी घेराव


