Ranchi : भारतीय प्रबंधन संस्थान रांची (IIM Ranchi) ने सत्र 2025-26 की फाइनल प्लेसमेंट रिपोर्ट जारी कर दी है। इस बार संस्थान के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। एग्जीक्यूटिव MBA (EMBA 2024-26) बैच के एक छात्र को 1.2 करोड़ रुपये सालाना का सबसे बड़ा पैकेज मिला है, जो अब तक का रिकॉर्ड बताया जा रहा है। इससे संस्थान की प्लेसमेंट प्रोफाइल और मजबूत हुई है। MBA, MBA-HRM और MBA-Business Analytics में पिछले साल की तुलना में डोमेस्टिक CTC में 4.19% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। MBA में अधिकतम पैकेज 52.50 लाख रुपये तक पहुंचा।
96 कंपनियों की भागीदारी
इस साल कुल 96 कंपनियों ने कैंपस प्लेसमेंट में हिस्सा लिया और छात्रों को बैंकिंग, IT, कंसल्टिंग और फिनटेक जैसे सेक्टर में नौकरी के अवसर दिए। संस्थान ने इस बार 53 नई कंपनियों को भी प्लेसमेंट प्रक्रिया से जोड़ा, जिससे छात्रों को ज्यादा और बेहतर अवसर मिले। साथ ही 70 से अधिक इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स ने छात्रों को गाइड किया। निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, इस बार छात्रों की भागीदारी में 31.15% की वृद्धि हुई है। टॉप 25% और 75% छात्रों के औसत पैकेज में भी सुधार देखने को मिला है।
MBA-HRM और Analytics में मजबूत प्रदर्शन
- MBA में औसत पैकेज: 19.24 लाख रुपये
- MBA-HRM में अधिकतम पैकेज: 22.75 लाख रुपये
- MBA-Business Analytics में अधिकतम पैकेज: 32.13 लाख रुपये
बड़ी कंपनियों की भागीदारी
प्लेसमेंट में Amazon, Deloitte, Accenture, JP Morgan Chase और Cognizant जैसी बड़ी कंपनियों ने भी छात्रों को ऑफर दिए।हाल ही में संस्थान को QS Executive MBA Rankings 2026 में भी जगह मिली है, जिससे इसकी अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत हुई है।
Also Read : ट्रेजरी घोटाला फोडर स्कैम से भी बड़ा, BJP का CBI-ED जांच पर जोर


