Godda : झारखंड के गोड्डा में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें रांची से आए एक परिवार की स्कॉर्पियो कार डिवाइडर से टकराने के बाद करीब 35 फीट दूर जाकर पलट गई। इस हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गाड़ी तेज रफ्तार में थी और अचानक नियंत्रण बिगड़ने से वह डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो सड़क किनारे दूर जाकर पलट गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए।
रांची से आया था परिवार
हादसे में घायल सभी लोग रांची के रहने वाले एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जो किसी काम से गोड्डा आए थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाकी चार घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
Also Read : जामताड़ा सदर अस्पताल में अव्यवस्था पर डीसी सख्त, 5 दिन का अल्टीमेटम


