Ranchi : झारखंड स्टेट आरोग्य सोसायटी (स्वास्थ्य विभाग) ने पेंशनरों, बोर्ड-निगम और विश्वविद्यालय कर्मियों के लिए स्वास्थ्य बीमा पंजीकरण का पोर्टल खोल दिया है। इस योजना के तहत लाभुक 31 मई तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। यह पंजीकरण मई 2026 से अप्रैल 2027 के बीमा वर्ष के लिए किया जा रहा है। इस दौरान चयनित लाभुकों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलेगा।
आवेदन के बाद होगा सत्यापन
पंजीकरण के बाद सभी आवेदनों की जांच संबंधित डीडीओ या सत्यापन अधिकारी द्वारा की जाएगी। सत्यापन पूरा होने के बाद ही लाभुक ऑनलाइन माध्यम से प्रीमियम जमा कर पाएंगे। इस योजना के लिए 6000 रुपये का एकमुश्त प्रीमियम तय किया गया है। इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करना अनिवार्य होगा, तभी योजना का लाभ मिलेगा। जो पेंशनर पिछले बीमा वर्ष में योजना से जुड़े थे लेकिन किसी कारणवश प्रीमियम जमा नहीं कर पाए, वे भी इस बार अपना नवीनीकरण करा सकते हैं।
मदद के लिए टोल फ्री नंबर जारी
पंजीकरण या किसी भी समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 1800-3455-027 जारी किया गया है, जहां से जानकारी और सहायता ली जा सकती है। इस बीमा वर्ष के लिए योजना के संचालन की जिम्मेदारी टाटा एआईजी कंपनी को दी गई है।
Also Read : रामगढ़ में पानी-बिजली पर सख्त हुए सांसद मनीष जायसवाल, अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम


