Chatra : झारखंड के चतरा जिले के प्रतापपुर वन क्षेत्र के गड़गोरिया गांव में उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब वन विभाग की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने वनकर्मियों पर पत्थरबाजी कर दी, जिसमें एक वनकर्मी घायल हो गया। वन विभाग के अनुसार, गड़गोरिया गांव में वन भूमि पर अवैध रूप से घर बनाकर कब्जा किया जा रहा था। सूचना मिलने के बाद वनकर्मी अरविंद कुमार, नीरज कुमार और रंजीत कुमार मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य को रोकने की कोशिश की।
अचानक शुरू हो गई पत्थरबाजी
जैसे ही वन विभाग की टीम ने लोगों को निर्माण कार्य से रोकना शुरू किया, माहौल अचानक बिगड़ गया और कुछ लोग उग्र हो गए। देखते ही देखते पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसमें एक वनकर्मी को चोट लग गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि चोट गंभीर नहीं थी। घटना के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डुमरवार के छोटू भुईया और चरका के कृष्ण भुईया को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को मेडिकल जांच के बाद सोमवार को जेल भेज दिया गया। वहीं, अनुकूल पक्ष का कहना है कि इलाके में कई लोगों ने वनभूमि पर कब्जा कर रखा है, इसलिए कार्रवाई सभी पर होनी चाहिए, न कि रूचि लोगों पर।
Also Read : BREAKING : रांची पुलिस को TSPC के खिलाफ मिली बड़ी कामयाबी, जोनल कमांडर अरविंद जी गिरफ्तार