Chaibasa : चाईबासा जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के उलीडीह गांव में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी छापेमारी की है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में जावा महुआ नष्ट किया गया और अवैध शराब भी बरामद हुई। जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई डीसी मनीष कुमार के निर्देश पर की गई। उत्पाद विभाग ने एक टीम बनाकर मंझारी थाना पुलिस के सहयोग से उलीडीह गांव में छापेमारी की। इस दौरान अवैध शराब बनाने वाली भट्टी को ध्वस्त कर दिया गया।
भारी मात्रा में जावा महुआ नष्ट
छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 2000 किलो जावा महुआ नष्ट किया। इसके अलावा लगभग 90 लीटर अवैध शराब भी बरामद की गई। वहीं एक दुकान से साढ़े 6 लीटर बियर भी जब्त की गई। अभियान के दौरान शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इससे अवैध शराब कारोबार को बड़ा झटका लगा है।
एक गिरफ्तार, चार फरार
इस मामले में उत्पाद विभाग ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। छापेमारी के दौरान चंद्रमोहन सवैया को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि चार आरोपी श्याम सिंह मुंडा, बीरू मुंडा, रुई मुंडा और चंद्र मुंडा फरार होने में सफल रहे। उत्पाद विभाग और पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब कारोबार पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Also Read : धनबाद : घर में मिली भाजपा नेता की लाश, दो पत्नियों पर हत्या का आरोप


