Dhanbad : धनबाद जिले के गोविंदपुर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और अनुसूचित जाति मोर्चा के नेता अमृत दास का शव उनके घर से मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। जैसे ही लोगों को सूचना मिली कि अमृत दास अपने घर में अचेत हालत में पड़े हैं, तुरंत पुलिस को बुलाया गया। पुलिस मौके पर पहुंची तो उनका शव घर के अंदर मिला। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दो शादियों को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक अमृत दास ने दो शादियां की थीं और दोनों पत्नियां सगी बहनें हैं। इसी वजह से घर में लंबे समय से विवाद चलता आ रहा था। आए दिन किसी न किसी बात को लेकर झगड़े की स्थिति बनती थी। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले शॉपिंग को लेकर घर में बड़ा विवाद हुआ था। यह झगड़ा इतना बढ़ गया था कि माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था। इसके बाद ही अगले दिन सुबह अमृत दास का शव मिला।
पत्नियों पर हत्या का आरोप
परिजनों की ओर से दोनों पत्नियों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और पूरे मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक अमृत दास पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में चल रहे थे और भाजपा के कार्यक्रमों में भी कम नजर आ रहे थे। पारिवारिक कलह इसका बड़ा कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
Also Read : पश्चिम बंगाल: 15 बूथों पर दोबारा मतदान, डायमंड हार्बर में EVM खराबी का दावा


