Bokaro : भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ के बैनर तले चल रहा मजदूरों का आंदोलन आखिरकार छह दिनों बाद खत्म हो गया। यह आंदोलन डीवीसी चंद्रपुरा थर्मल पावर स्टेशन के सीएचपी सेक्शन में वैगन ट्रिपलर की सफाई करने वाले मजदूरों द्वारा किया जा रहा था। मजदूर 22 अप्रैल से नियमित काम की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। डुमरी विधायक जयराम महतो की पहल पर प्रबंधन और मजदूर प्रतिनिधियों के बीच करीब चार घंटे लंबी बातचीत हुई। इसी बातचीत के बाद आखिरकार समस्या का हल निकल आया और आंदोलन खत्म करने पर सहमति बन गई।
आक्रामक तेवर में दिखे विधायक, वीडियो हुआ वायरल
वार्ता के दौरान विधायक जयराम महतो का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वे काफी आक्रामक अंदाज में अधिकारियों पर नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं। उन्होंने मजदूरों के समर्थन में कहा कि किसी भी तरह का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जो अधिकारी गलत करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस बयान के बाद माहौल काफी गर्म भी हो गया था।
जूस पिलाकर खत्म कराया आंदोलन
बातचीत सफल होने के बाद प्लांट गेट के पास भूख हड़ताल पर बैठे मजदूरों को विधायक जयराम महतो ने जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त कराया। इसके साथ ही सहमति पत्र भी सौंपा गया। इस वार्ता में उप श्रमायुक्त (बोकारो) रंजीत कुमार, डीवीसी प्रबंधन की ओर से परियोजना प्रमुख आरके अनुभवी, उप महाप्रबंधक (प्रशासन) नीरज सिन्हा, प्रबंधक आरके चौधरी सहित बीकेएमएस के अजय महतो और अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
13 से बढ़कर 26 दिन काम पर बनी सहमति
बैठक में मजदूरों की सबसे बड़ी मांग को मान लिया गया। अब तक मजदूरों को महीने में सिर्फ 13 दिन काम मिलता था, जिसे बढ़ाकर 26 दिन करने पर सहमति बनी है। इसके लिए एक पांच सदस्यीय समिति बनाई गई है, जिसमें बीकेएमएस के दो प्रतिनिधि, डीवीसी के दो अधिकारी और उप महाप्रबंधक (प्रशासन) शामिल होंगे।
7 दिन में तय होगी नई व्यवस्था
यह समिति सात दिनों के भीतर काम की उपलब्धता का आकलन करेगी और मजदूरों को 26 दिन काम देने की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। साथ ही भविष्य में नए काम आने पर पहले 13 दिन काम कर रहे मजदूरों को प्राथमिकता देने पर भी सहमति बनी है। बताया गया कि ये मजदूर वर्ष 2008 से काम कर रहे हैं, लेकिन 2018 के बाद से उन्हें केवल 13 दिन ही काम मिल रहा था। हाल के दिनों में तो उन्हें पूरी तरह काम से बैठा दिया गया था, जिससे स्थिति और भी खराब हो गई थी।
Also Read : डीआईजी किशोर कौशल का ‘मिशन मोड’ एक्शन : जमीन के काले कारोबार पर अब पुलिस करेगी सीधी चोट


